फरह। फरह क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान श्री मती चरण देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मेघपुर में बाबा हनुमान जी की मूर्ति स्थापना के उपलक्ष्य में शनिवार रात्रि विशाल जिकड़ी भजन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।धार्मिक आस्था और भक्ति भाव से ओत-प्रोत इस कार्यक्रम में क्षेत्र एवं आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा हनुमान जी के स्मरण एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। और ठाकुर परिवार संगठन की ओर से कलाकारों एवं मंचाशीन लोगों का स्वागत किया गया। पूरी रात चले इस भजन संध्या कार्यक्रम में प्रसिद्ध कलाकार लुढ़कन सिंह, हरिशंकर नानऊ वाले, हेमा, मोतीराम , सुनीता छौंकर, उदयभान अकोला एवं अन्य कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। जिकड़ी भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और श्रद्धालु देर रात तक भजनों का आनंद लेते रहे।कार्यक्रम का सफल संचालन रौतान सिंह तरकर द्वारा किया गया। विद्यालय के प्रबंधक झम्मन लाल एवं प्रधानाचार्य ठाकुर अंतराम सिंह ने सभी क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों के सहयोग और सहभागिता से यह धार्मिक आयोजन भव्य एवं सफल रहा।इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, ग्रामवासी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिससे पूरे आयोजन स्थल पर धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।

