पीलीभीत जनपद में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप के बीच नगर पंचायत गुलड़िया भिंडारा ने आमजन को राहत पहुंचाने के लिए सराहनीय पहल की है। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देशानुसार नगर पंचायत अध्यक्ष निशांत प्रताप सिंह ने कस्बे के प्रमुख चौराहों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर शीतल जल के प्याऊ लगवाकर लोगों को बड़ी राहत दी है।
तेज धूप और झुलसा देने वाली गर्मी के बीच राहगीरों, मजदूरों, रिक्शा चालकों और बाजार आने-जाने वाले लोगों को अब ठंडा और स्वच्छ पेयजल आसानी से उपलब्ध हो रहा है। नगर पंचायत अध्यक्ष ने स्वयं विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्याऊ पर नियमित रूप से साफ एवं ठंडे पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
नगर पंचायत अध्यक्ष निशांत प्रताप सिंह ने कहा कि भीषण गर्मी में जनता को राहत पहुंचाना नगर पंचायत की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में पानी की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी तथा जरूरत पड़ने पर टैंकरों के माध्यम से भी जलापूर्ति कराई जाएगी। साथ ही सफाई व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर पंचायत की इस जनहितकारी पहल की स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने खुलकर सराहना की। लोगों का कहना है कि तपती गर्मी में शीतल जल के प्याऊ शुरू होने से आमजन को काफी राहत मिली है और नगर पंचायत का यह कदम मानव सेवा की मिसाल बन गया है।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी हरिपाल गंगवार, बैजनाथ यादव, विकास कुमार, चंदन सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
