राहुल शर्मा
आगरा। ताजनगरी में एक बार फिर भक्ति की अविरल धारा बहने जा रही है। आगरा के सुप्रसिद्ध और ऐतिहासिक बल्केश्वर पार्क में आगामी 31 मई 2026 से 6 जून 2026 तक सुप्रसिद्ध कथा वाचक पूज्य महाराज श्री इंद्रेश उपाध्याय जी के मुखारविंद से भव्य श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होने जा रहा है। इस धार्मिक उत्सव को लेकर आगरा के श्रद्धालुओं में अभी से अभूतपूर्व श्रद्धा और खुशी की लहर देखने को मिल रही है।स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का कहना है कि आगरावासी लंबे समय से पूज्य इंद्रेश उपाध्याय जी महाराज की भागवत कथा का श्रवण करने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। महाराज जी के भजनों और उनकी मर्मस्पर्शी कथा शैली के प्रति लोगों में अगाध श्रद्धा है। कथा की तारीखें तय होते ही बल्केश्वर सहित पूरे आगरा क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया है और लोग इस पुण्य लाभ को कमाने के लिए तैयारियों में जुट गए हैं।इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने के लिए बल्केश्वर महादेव भक्त मण्डल, आगरा मुख्य आयोजक के रूप में दिन-रात तैयारियों में जुटा है।इस दिव्य कथा के मुख्य यजमान श्रीमती तरुणा अग्रवाल एवं श्री हरीश कुमार उर्फ (जुगनू) हैं।
बल्केश्वर महादेव मंदिर के सेवक श्री अर्चित पांड्या और राज्यसभा सांसद माननीय नवीन जैन जी के मार्गदर्शन और सहयोग से इस आयोजन को बेहद भव्य और ऐतिहासिक रूप दिया जा रहा है।
बल्केश्वर महादेव भक्त मण्डल के पदाधिकारियों ने बताया कि कथा स्थल (बल्केश्वर पार्क) में हजारों श्रद्धालुओं के बैठने, छांव और पेयजल की उत्तम व्यवस्था की जा रही है, ताकि दूर-दूर से आने वाले भक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। 31 मई को एक विशाल और भव्य कलश यात्रा के साथ इस सात दिवसीय आध्यात्मिक महोत्सव का शुभारंभ होगा।

