आमोद कुमार
बाँदा जनपद के ग्राम मोहनपुरवा स्थित ग्राम पंचायत भवन में 24 मई 2026 को बेटी बचाओ संस्था के सौजन्य से एक विशाल निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। श्री सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय, जानकीकुंड (चित्रकूट) की विशेषज्ञ टीम ने ग्रामीणों के स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें नेत्र संबंधी आवश्यक परामर्श प्रदान किया।शिविर में क्षेत्र के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 280 ग्रामीणों की आँखों की निःशुल्क जाँच की गई। परीक्षण के दौरान 18 मरीज मोतियाबिंद से पीड़ित पाए गए, जिन्हें आगे के उपचार के लिए चिन्हित किया गया। संस्था की ओर से बताया गया कि चयनित सभी मरीजों का श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट, जानकीकुंड, चित्रकूट में पूर्णतः निःशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन अशोक यादव (अध्यक्ष, बेटी बचाओ संस्था) एवं वर्षा यादव (सचिव, बेटी बचाओ संस्था) के नेतृत्व में किया गया। आयोजन में राहुल नामदेव (मंडल उपाध्यक्ष भाजपा) तथा स्वतंत्र साहू (मंडल मंत्री भाजपा) ने कार्यक्रम संयोजक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर प्रधान प्रतिनिधि रंजीत सोनी विशेष सहयोगी के रूप में उपस्थित रहे। वहीं रामहित यादव (पूर्व प्रधान), योगेश यादव, अनुराग यादव, सुनील वर्मा, मातादीन खेंगर, वरदानी अनुरागी और सुधीर त्यागी सहित अनेक ग्रामीणों ने सक्रिय सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया।ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित यह शिविर केवल स्वास्थ्य सेवा का माध्यम नहीं बना, बल्कि उन लोगों के लिए नई उम्मीद लेकर आया जिनकी आँखों की रोशनी उपचार के अभाव में धीरे-धीरे धुंधली पड़ रही थी। समाजसेवा और स्वास्थ्य जागरूकता की यह पहल ग्रामीण जनजीवन में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।
