रिपोर्ट सुधीर वर्मा अब तक न्याय
सिधौली/सीतापुर। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही विद्युत समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सिधौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक मनीष रावत ने बड़ा कदम उठाया है। आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आगामी 30 मई 2026, दिन शनिवार प्रातः 9:00 बजे गोंदलामऊ पावर हाउस परिसर में एक विशेष जनसुनवाई शिविर आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में विधायक द्वारा जिलाधिकारी सीतापुर को औपचारिक पत्र भेजकर विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने की मांग की गई है।
विधायक मनीष रावत ने अपने पत्र में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया है कि क्षेत्र में लंबे समय से बिजली व्यवस्था चरमराई हुई है। ग्रामीणों और उपभोक्ताओं की ओर से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, जिनमें ट्रांसफार्मर खराब होना, आधे गांव में बिजली न पहुंचना, एक फेज आपूर्ति की समस्या, जर्जर तार टूटकर गिरना, 11 हजार लाइन के नीचे झूलने जैसी गंभीर दिक्कतें प्रमुख हैं। इसके अतिरिक्त पावर हाउस कर्मचारियों द्वारा फोन न उठाने और शिकायतों पर समय से कार्रवाई न होने को लेकर भी लोगों में भारी नाराजगी व्याप्त है।
इन समस्याओं को देखते हुए विधायक ने जनहित में विशेष शिविर आयोजित कराने का निर्णय लिया, ताकि आम नागरिक सीधे विद्युत विभाग के अधिकारियों के समक्ष अपनी शिकायतें रख सकें और उनका तत्काल निस्तारण कराया जा सके।
पत्र में विधायक ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि शिविर में विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, उपखंड अधिकारी, सहायक अभियंता सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, जिससे मौके पर ही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
क्षेत्रीय जनता ने विधायक की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और सक्रिय जनप्रतिनिधित्व का उदाहरण बताया है। लोगों का कहना है कि यदि इस प्रकार के शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएं तो ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली समस्याओं का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा।
जनसुनवाई शिविर को लेकर विद्युत विभाग में भी हलचल तेज हो गई है और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि इस शिविर में बड़ी संख्या में उपभोक्ता पहुंचकर अपनी शिकायतें दर्ज कराएंगे।
