गोरखपुर। यूथ युटिल वेलफेयर एसोसिएशन (युवा इंडिया) द्वारा पिछले 10 वर्षों से संचालित असहाय एवं आर्थिक रूप से कमजोर बालिकाओं तथा महिलाओं के कौशल विकास अभियान के अंतर्गत इस वर्ष भी 21 दिवसीय ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ तुर्कमानपुर स्थित यादव टोला में किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सुधा मोदी (वरिष्ठ समाजसेविका) एवं विशिष्ट अतिथियों सुनीशा श्रीवास्तव, गरिमा सिंह तथा शालिनी मिश्रा ने कार्यक्रम संयोजक सुमन गुप्ता के साथ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं फीता काटकर किया।
संस्था के अध्यक्ष रत्नेश कुमार तिवारी ने बताया कि संस्था प्रत्येक वर्ष मई-जून में ग्रीष्मकालीन तथा दिसंबर-जनवरी में शीतकालीन प्रशिक्षण शिविर आयोजित करती है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण की वास्तविक शुरुआत तब होती है जब महिलाएं स्वयं अपने विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाती हैं।
उन्होंने बताया कि यह शिविर 1 जून से 21 जून तक संचालित होगा, जिसमें तुर्कमानपुर, यादव टोला, हरिजन बस्ती, अंबेडकर कॉलोनी, बर्फखाना, हांसूपुर, कसाई टोला, पांडेयहाता, ट्रांसपोर्ट नगर सहित आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं एवं बालिकाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण हेतु आवश्यक सामग्री संस्था द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। शिविर का समय प्रतिदिन प्रातः 11:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।मुख्य अतिथि सुधा मोदी ने कहा कि यह समर कैंप बेटियों को अपनी प्रतिभा एवं रुचियों को पहचानने का अनूठा अवसर प्रदान करेगा। इससे वे विभिन्न कलाओं में दक्षता प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेंगी।
विशिष्ट अतिथि सुनीशा श्रीवास्तव ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि युवा इंडिया का यह अभियान अत्यंत प्रशंसनीय है और क्षेत्र के सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
गरिमा सिंह ने कौशल विकास प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ग्रीष्मकालीन अवकाश के सदुपयोग की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर बच्चों और महिलाओं के व्यक्तित्व विकास में सहायक सिद्ध होते हैं।
शालिनी मिश्रा ने कहा कि नारी में समाज और सृष्टि को सकारात्मक दिशा देने की अपार शक्ति है। उन्होंने परिवारों से बेटों को महिलाओं के सम्मान और समानता का संस्कार देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम संयोजक सुमन गुप्ता ने कहा कि कोई भी महिला कमजोर नहीं होती, आवश्यकता केवल अपनी क्षमताओं को पहचानने की है। यह शिविर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पारुल यादव ने की। इस अवसर पर सुशील प्रसन्ना, जया तिवारी, श्रेयांश, कृष्णा, प्रिंस, वरुण, सृष्टि, शाहिद, सागर चौधरी, साधना भारती, अलका भारती, अभिषेक मिश्रा, सुषमा शुक्ला, युवराज मगहिया, अर्चना, चांदनी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
