बड़हलगंज:नगर पंचायत में ब्लॉक मुख्यालय के सामने एक कोयले की दुकान के पास पेयजल पाइपलाइन फट जाने के चलते कई दिनों से हजारों लीटर पानी की बर्बादी हो रही है। पाइपलाइन से तेज दबाव के साथ पानी फव्वारे के रूप में निकलकर सीधे नाले में बह रहा है, जिससे प्रतिदिन बड़ी मात्रा में पेयजल व्यर्थ नष्ट हो रहा है।
स्थानीय लोगों की मानें तो यहां पाइप कई दिनों से क्षतिग्रस्त है और लगातार पानी बह रहा है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई जा सकी है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि एक ओर सरकार जल संरक्षण और जल बचाने का संदेश दे रही है, वहीं दूसरी ओर फटी पाइपलाइन से बह रहे पानी को रोकने के लिए समय रहते नगर पंचायत द्वारा कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
यदि समय रहते पाइपलाइन की मरम्मत करा दी जाती तो हजारों लीटर पेयजल की बर्बादी रोकी जा सकती थी। पाइपलाइन से निकल रहा पानी आसपास के नाले में जा रहा है, जिससे पानी पूरी तरह बेकार हो रहा है।
इस मामले की जानकारी जब दूरभाष के माध्यम से नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी राम समुख को दी गई तो उन्होंने इसका संज्ञान लेते हुए अपने मातहत कर्मचारियों को मौके पर भेजकर समस्या के समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को जल्द से जल्द ठीक कराया जाए तथा कार्रवाई की रिपोर्ट उन्हें उपलब्ध कराई जाए।
