गोरखपुर शहर की कानून-व्यवस्था को झकझोर देने वाली घटना मानबेला इलाके में सामने आई है। यहां महज एक मामूली बाइक टक्कर को लेकर 4-5 मनबढ़ लड़कों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने ईंट-पत्थरों से ताबड़तोड़ वार कर युवक को मरणासन्न अवस्था में सड़क पर छोड़ दिया और फरार हो गए।घटना 3 जून 2026, मंगलवार को सुबह करीब 10 बजकर 35 मिनट पर मानबेला क्षेत्र में हुई। बाइक सवार राज झा, पुत्र प्रेमनाथ झा, निवासी मानबेला, की किसी अन्य बाइक से हल्की टक्कर हो गई। चश्मदीदों के अनुसार टक्कर के बाद विवाद इतना बढ़ा कि कुछ ही देर में 4-5 अज्ञात लड़के एकजुट हो गए और राज झा को घेर लिया।आरोपियों ने इंसानियत की सारी हदें पार कर दीं। उन्होंने सड़क से उठाकर ईंट और पत्थर राज झा के सिर और शरीर पर लगातार बरसाने शुरू कर दिए। युवक खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। हमलावर उसे मरणासन्न हालत में छोड़कर मौके से भाग निकले। संयोग से उसी समय वहां से गुजर रहे आनन्द पब्लिक समाचार पत्र के पत्रकार ने सड़क पर खून से सने युवक को देखा। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए तुरंत एक ई-रिक्शा रुकवाया और गंभीर रूप से घायल राज झा को इलाज के लिए बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। समय पर मदद मिलने से युवक की जान बच सकी। BRD मेडिकल कॉलेज में राज झा की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
पूरी वारदात इलाके में लगे एक CCTV कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि कैसे कुछ युवक राज झा पर हमला कर रहे हैं। पुलिस के लिए यह फुटेज सबसे मजबूत सबूत साबित होगा।
घटना की सूचना मिलते ही फर्टिलाइजर चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। सीओ कैंट ने बताया कि CCTV के आधार पर सभी हमलावरों की शिनाख्त की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। मामले में बीएनएस की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
इस घटना के बाद मानबेला क्षेत्र के लोगों में गुस्सा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामूली विवाद पर इस तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस से मांग की गई है कि आरोपियों पर रासुका के तहत कार्रवाई हो ताकि शहर में शांति व्यवस्था बनी रहें।
