कन्नौज। अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ ने बुधवार को जनपद कन्नौज का दौरा कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उनके साथ उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज हरीश चन्दर भी मौजूद रहे। जनपद आगमन पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने उनका स्वागत किया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में एसपी ने जनपद की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा तथा यातायात प्रबंधन सहित विभिन्न विषयों पर प्रस्तुतीकरण दिया। एडीजी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, महिला एवं बाल सुरक्षा, जनसुनवाई की गुणवत्ता और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए।
इसके बाद राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर लंबित विवेचनाओं, महिला संबंधी अपराधों, साइबर अपराध, ऑपरेशन कन्विक्शन, ऑपरेशन त्रिनेत्र तथा बीट पुलिसिंग की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
दौरे के दौरान एडीजी ने व्यापार मंडल पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। साथ ही मीडिया प्रतिनिधियों के साथ संवाद कर पुलिस की जनहितकारी पहलों और कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी साझा की।
इसके उपरांत पुलिस लाइन का निरीक्षण कर आवासीय परिसर, बैरक, मेस एवं कार्यालयों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। सम्मेलन में पुलिस कर्मियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस बल के मनोबल, अनुशासन एवं बेहतर कार्यसंस्कृति पर विशेष बल दिया।
एडीजी ने थाना कोतवाली कन्नौज का आकस्मिक निरीक्षण भी किया। इस दौरान अभिलेखों, मालखाना, हवालात, सीसीटीएनएस कार्यों तथा जनसुनवाई व्यवस्था की समीक्षा की गई। उन्होंने जनपद की कानून-व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को जनता के प्रति संवेदनशील एवं जवाबदेह व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

