छिबरामऊ (कन्नौज)। क्षेत्र के करमुल्लापुर चौराहा के पास नौली रोड स्थित (टीएचआर) प्लांट के समीप एक पेड़ के नीचे 40 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक वुधवार शाम से लापता था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पूरन नगला निवासी धर्मवीर वुधवार शाम करीब सात बजे घर से निकले थे। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। गुरुवार सुबह परिजन सिकंदरपुर पुलिस चौकी पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने युवक की तलाश शुरू कर दी।
इसी दौरान परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा की जा रही खोजबीन के बीच करमुल्लापुर चौराहा के पास नौली रोड पर स्थित टीएचआर प्लांट के निकट एक पेड़ के नीचे धर्मवीर का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही सिकंदरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
धर्मवीर अपने पीछे पत्नी साधना और तीन बच्चों देव, प्राची तथा निखिल को छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी साधना टीएचआर प्लांट में मजदूरी कर परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करती हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक और मातम का माहौल बना हुआ है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है। परिजनों ने भी घटना की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है।
