छिबरामऊ (कन्नौज)। बिशुनगढ़ थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत मिघौली में एक 25 वर्षीय विवाहिता का संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर फांसी के फंदे में लटकी मिली विवाहिता । घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मिघौली निवासी राजू पंजाब में एक ईंट-भट्टे पर मजदूरी करता है। उसकी पत्नी नेहा (25) गांव में अपने दो बच्चों के साथ रहती थी, जबकि एक बच्चा पिता के पास पंजाब में रहता है। दंपती के तीन बच्चे हैं, जिनमें एक बेटी और दो बेटे शामिल हैं।
बताया गया कि घटना के समय राजू की मां मुन्नी देवी घर के बाहर लेटी हुई थीं। इसी दौरान उन्हें बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। उन्होंने देखा कि नेहा छत पर बच्चों के पास मौजूद नहीं है। आशंका होने पर जब वह नीचे कमरे में पहुंचीं तो नेहा का शव छत के कुंडे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए और घर में चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों के अनुसार नेहा और राजू का लगभग 10 वर्ष पूर्व प्रेम प्रसंग के बाद विवाह हुआ था। पति के पंजाब में रहने के दौरान नेहा ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, हालांकि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
घटना की सूचना मिलते ही बिशुनगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शंकरपुर चौकी प्रभारी हरे कृष्णा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

