शाहजहांपुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने जनपद में मसालों की गुणवत्ता और शुद्धता की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से मिर्च, हल्दी, धनिया और जीरा समेत मसालों के 11 नमूने लेकर परीक्षण के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निर्देश तथा जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह के आदेश पर सहायक आयुक्त (खाद्य)-II एवं अभिहित अधिकारी चन्द्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में टीम ने 11 और 12 जून को कार्रवाई की। इस दौरान अटसलिया, बहादुरपुरा, जलालनगर, माधव नगर और खलील गरबी स्थित प्रतिष्ठानों से मसालों के नमूने एकत्र किए गए।
एफएसडीए अधिकारियों के अनुसार नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी उत्पाद में मिलावट या मानकों के विपरीत गुणवत्ता पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के संबंध में सहायक आयुक्त (खाद्य) चन्द्रशेखर मिश्र ने बताया कि जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर विशेष नमूना अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए आयुक्त द्वारा जारी पहचान पत्र (आईडी) धारण करना अनिवार्य कर दिया गया है। बिना पहचान पत्र के कोई भी अधिकारी या कर्मचारी किसी प्रतिष्ठान में जांच अथवा निरीक्षण के लिए प्रवेश नहीं करेगा।
एफएसडीए की इस कार्रवाई से मसाला कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, जबकि उपभोक्ताओं को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
