सहजनवा, गोरखपुर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक और मामला सामने आया है। गीडा थाना क्षेत्र के भरसाड़ निवासी बेरोजगार युवक शुभम उपाध्याय को इंडिगो एयरलाइन में नौकरी का लालच देकर एक दंपति ने 1.62 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, शुभम की मुलाकात 17 नवंबर 2024 को गांव में आयोजित एक शादी समारोह में बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र के मोसनडी निवासी दंपति करुणेश मिश्रा और साक्षी उपाध्याय से हुई। दंपति ने शुभम को इंडिगो एयरलाइन में अच्छी पोस्ट पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसके बदले उन्होंने पहले 2.50 लाख रुपये की मांग रखी।भरोसे में आकर शुभम ने अलग-अलग किस्तों में पैसे ट्रांसफर कर दिए। 24 दिसंबर 2024 को 25 हजार, 26 दिसंबर को 34 हजार, 9 जनवरी 2025 को 7 हजार, 10 फरवरी को 91 हजार और 2 फरवरी को 5 हजार रुपये उन्होंने दंपति के खाते में भेजे। कुल मिलाकर 1.62 लाख रुपये ठगों के हाथ लग गए।
पैसे लेने के बाद आरोपियों ने शुभम को एक फर्जी जॉब आईडी थमा दी और कहा कि इंटरव्यू फोन पर होगा। जब शुभम ने इंटरव्यू की तारीख पूछी तो दंपति बार-बार टालमटोल करने लगे। शक होने पर जांच की तो पता चला कि दी गई आईडी और नियुक्ति पत्र पूरी तरह फर्जी हैं।
धोखाधड़ी का अहसास होते ही शुभम ने गीडा थाने में शिकायत दी। पुलिस ने धारा 420 के तहत करुणेश मिश्रा पुत्र राम शिरोमणि मिश्रा और उनकी पत्नी साक्षी उपाध्याय के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
अधिकारीयों का कहना है कि कोई भी प्रतिष्ठित कंपनी नौकरी के नाम पर रजिस्ट्रेशन फीस या सिक्योरिटी मनी नहीं मांगती। इंटरव्यू हमेशा ऑफलाइन या कंपनी के ऑफिशियल पोर्टल पर ही होते हैं। ऐसे झांसे में न आएं और कोई भी लेन-देन करने से पहले कंपनी की वैधता जरूर जांच लें।

