शाहजहांपुर। महानगर की रामनगर कॉलोनी में स्थित एक संकरी गली में लंबे समय से कूड़ा डाले जाने के कारण गंदगी का अंबार लग गया था। इससे क्षेत्रवासियों को आवागमन में परेशानी के साथ-साथ दुर्गंध और संक्रमण का भी खतरा बना हुआ था।
स्थानीय लोगों की शिकायत पर पार्षद प्रतिनिधि कृष्ण गोपाल बिन्नू ने शुक्रवार को गली का निरीक्षण किया और तत्काल सफाई व्यवस्था कराई। सफाई कर्मचारियों ने गली में जमा कूड़ा हटाकर पूरे क्षेत्र को साफ कराया, जिससे लोगों को राहत मिली।
इस अवसर पर कृष्ण गोपाल बिन्नू ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों और गलियों में कूड़ा न फेंकें तथा स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण के लिए जनसहभागिता बेहद जरूरी है।
सफाई कार्य के बाद स्थानीय निवासियों ने संतोष व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी क्षेत्र की साफ-सफाई पर इसी तरह ध्यान दिया जाएगा।
