मथुरा के थाना जैत क्षेत्र से पुलिस भ्रष्टाचार का एक गंभीर आरोप सामने आया है। मु०अ०सं० 0469/25 की विवेचना कर रहे उपनिरीक्षक हरेन्द्र सिंह पर मुकदमा वादी से आरोपपत्र दाखिल कराने और अभियुक्तों की गिरफ्तारी कराने के नाम पर कथित रूप से 70 हजार रुपये लेने का आरोप लगा है। शिकायतकर्ता छैल बिहारी का कहना है कि उनके पिता, जो इस मुकदमे के वादी हैं, से विवेचक ने धनराशि ली, लेकिन न तो अभी तक आरोपपत्र न्यायालय में प्रेषित किया गया और न ही अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई। शिकायतकर्ता का यह भी दावा है कि फोन पर हुई बातचीत में विवेचक ने रुपये लेने की बात स्वीकार की, जिसकी रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित है। अब पीड़ित पक्ष ने उच्च अधिकारियों से रकम वापस दिलाने तथा संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस विभाग की ओर से मामले की जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।
