रामपुर बघेलान के खेरिया निवासी युवक की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत मारपीट और मानसिक प्रताड़ना के आरोपों के बाद पुलिस ने शुरू की कड़ी जांच
♦️सतना : रामपुर बघेलान
सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम खेरिया में उस समय शोक और आक्रोश की लहर दौड़ गई जब गांव के ही एक 25 वर्षीय होनहार युवक विपिन मिश्रा पुत्र रामसुहावन मिश्रा ने अज्ञात जहरीला पदार्थ निगलकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ने वाले इस युवक की जेब से पुलिस को एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है।इस सुसाइड नोट और मृतक के मोबाइल से मिली व्हाट्सएप चैट ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है जिसमें गांव के ही कुछ रसूखदार लोगों पर प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगे हैं।
परीक्षा देने गया था कॉलेज अचानक बिगड़ी तबीयत
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक विपिन मिश्रा गांव के ही एक निजी स्कूल में अध्यापन का कार्य करते थे और साथ ही बच्चों को घर-घर जाकर ट्यूशन भी पढ़ाते थे।शिक्षण कार्य के साथ-साथ वह अपनी उच्च शिक्षा के लिए अमरपाटन कॉलेज से पढ़ाई भी कर रहे थे। बीते बुधवार को वह अपने गांव खेरिया से अमरपाटन कॉलेज में परीक्षा देने के लिए निकले थे।
प्रत्यक्षदर्शियों और सहपाठियों के मुताबिक कॉलेज पहुंचते ही अचानक विपिन की तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें लगातार उल्टियां होने लगीं।विपिन की बिगड़ती हालत देख उनके कॉलेज के साथियों ने बिना वक्त गंवाए उन्हें तुरंत अमरपाटन के सिविल अस्पताल पहुंचाया और साथ ही घटना की जानकारी उनके परिजनों को दी।
रेफर के बाद तोड़ा दम, तलाशी में मिला सुसाइड नोट
सिविल अस्पताल अमरपाटन में प्राथमिक उपचार के बाद भी विपिन की गंभीर स्थिति में सुधार नहीं हुआ जिसके चलते डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत जिला चिकित्सालय सतना के लिए रेफर कर दिया। परिजन विपिन को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे लेकिन वहां इलाज के दौरान कुछ ही देर बाद उनकी सांसें थम गईं।
शुरुआती दौर में मौत की वजह स्पष्ट न होने के कारण अस्पताल चौकी पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी कर रही थी।इसी दौरान जब मृतक के कपड़ों और सामान की तलाशी ली गई तो पुलिस के हाथ एक सुसाइड नोट लगा। इस सुसाइड नोट में विपिन ने अपनी मौत के लिए गांव के ही तीन-चार लोगों को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है।नोट में लिखा है कि उक्त लोगों द्वारा लगातार दी जा रही मानसिक प्रताड़ना और धमकियों से तंग आकर ही वह यह आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हुआ है।
व्हाट्सएप चैट में मिली धमकी, परिजनों ने लगाए मारपीट के आरोप
सुसाइड नोट मिलने के बाद जब मृतक विपिन मिश्रा के मोबाइल फोन की जांच की गई, तो उसमें कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। विपिन की व्हाट्सएप चैट से यह खुलासा हुआ है कि एक संदेही व्यक्ति उसे लगातार चैट पर जान से मारने की धमकी दे रहा था।इसके साथ ही जिला अस्पताल पहुंचे पीड़ित परिजनों ने अत्यंत गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि खुदकुशी के कदम से ठीक दो दिन पहले गांव के ही कुछ लोग विपिन को जबरन अपने साथ बुलाकर ले गए थे। वहां उन्होंने विपिन के साथ बुरी तरह मारपीट की थी और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित व अपमानित किया था।परिजनों का आरोप है कि इसी मारपीट और लगातार मिल रही धमकियों के सदमे व डर के कारण विपिन ने जहर खाकर अपनी जान दे दी।
थाना पहुंचे परिजन,टीआई ने दिया कड़ी कार्रवाई का आश्वासन
जिला अस्पताल सतना में शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आक्रोशित और शोकाकुल परिजन शव को लेकर सीधे रामपुर बघेलान थाना पहुंचे।परिजनों ने दोषियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस प्रशासन के सामने अपनी बात रखी। रामपुर बघेलान थाना के टीआई संदीप चतुर्वेदी ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए निष्पक्ष व त्वरित जांच का भरोसा दिलाया।टीआई चतुर्वेदी ने स्पष्ट किया कि सुसाइड नोट व्हाट्सएप चैट और परिजनों के बयानों को जांच में शामिल कर लिया गया है।दोषियों के खिलाफ कानून के तहत बेहद सख्त और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

