पिपरौली चौकी प्रभारी एवं पुलिस कर्मियों के कलाई में स्व. रामरती देवी इंटर कॉलेज की छात्राओं ने बांधा रक्षा-सूत्र
गोरखपुर, गीडा रक्षाबंधन पर्व पर भाई-बहन के स्नेह का मनोरम दृश्य पिपरौली चौकी पर देखने को मिला।पिपरौली विकासखंड स्थित स्व. रामरती देवी कन्या इंटर कॉलेज, देईपार की छात्राओं ने पिपरौली चौकी पहुंचकर प्रभारी अमरेश सिंह समेत समस्त स्टाफ की कलाई पर राखी बांधी। छात्राओं ने तिलक लगाकर मिष्ठान खिलाया और दीर्घायु की मंगलकामना की।
इस आत्मीयता से चौकी परिसर उल्लासित हो उठा।
चौकी प्रभारी ने सभी बालिकाओं को पर्व की बधाई देते हुए कहा - यह सूत्र केवल धागा नहीं, बल्कि सुरक्षा का संकल्प है। पिपरौली पुलिस हर परिस्थिति में आप सभी की हिफाजत हेतु प्रतिबद्ध है। निडर रहकर अध्ययन करें, किसी भी कठिनाई पर बेझिझक संपर्क करें।
अन्य जवानों ने भी उपहार देकर उज्ज्वल भविष्य की शुभेच्छा व्यक्त की एवं रक्षा का वचन दोहराया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य ने बताया कि ऐसे आयोजन से छात्राओं में पुलिस के प्रति विश्वास सुदृढ़ होता है तथा समाज में सौहार्द का संदेश प्रसारित होता है।

