लर्निंग बाय डूइंग के तहत बच्चों ने सीखी लस्सी बनाने की कला
रिपोर्ट सुधीर वर्मा अब तक न्याय
सेमरा, सीतापुर। पी एम श्री कम्पोजिट विद्यालय सेमरा में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक एवं जीवनोपयोगी कौशल से जोड़ने के उद्देश्य से ‘लर्निंग बाय डूइंग’ गतिविधि का आयोजन किया गया। गतिविधि के अंतर्गत छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक स्वयं लस्सी बनाना सीखा और अपने हाथों से स्वादिष्ट लस्सी तैयार की।
लस्सी बनाने की गतिविधि में बच्चों ने आवश्यक सामग्री की जानकारी लेने के साथ-साथ उसे उचित मात्रा में मिलाने, लस्सी तैयार करने तथा स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने जैसी बारीकियां भी सीखीं। बच्चों द्वारा तैयार की गई स्वादिष्ट एवं आकर्षक लस्सी ने विद्यालय में सभी का मन मोह लिया। अपने हाथों से तैयार की गई लस्सी का स्वाद चखकर विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ नजर आया।
लस्सी बनाने की पूरी प्रक्रिया को बच्चों को सरल एवं रोचक ढंग से समझाने में किरन वर्मा और ममता का विशेष योगदान रहा। दोनों ने विद्यार्थियों को स्वयं गतिविधि में शामिल करते हुए लस्सी बनाने की विधि सिखाई तथा स्वच्छता और खाद्य सामग्री के सुरक्षित उपयोग के प्रति भी जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने पूरे मनोयोग से गतिविधि में भाग लिया और ‘करके सीखने’ की इस प्रक्रिया का आनंद उठाया। विद्यालय में आयोजित यह गतिविधि विद्यार्थियों के लिए केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं रही, बल्कि इससे उनमें आत्मनिर्भरता, सहयोग की भावना, रचनात्मकता, व्यावहारिक ज्ञान और कार्य-कौशल विकसित करने का अवसर भी मिला।
विद्यालय परिवार की ओर से इस प्रकार की गतिविधियों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया गया। शिक्षकों का कहना रहा कि किताबी ज्ञान के साथ यदि बच्चों को दैनिक जीवन से जुड़ी गतिविधियों का प्रत्यक्ष अनुभव कराया जाए तो सीखने की प्रक्रिया अधिक प्रभावी, रुचिकर और स्थायी बनती है।
इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षक-शिक्षिकाएं किरन वर्मा, नसरीन बानो, प्रिया गुप्ता, सिम्मी पोरवाल, स्तुति सक्सेना, प्रमोद पाठक, आरती तिवारी, नादिरा बानो, नेहा, ममता, रसोइया चमेली, सुनीता, शांति एवं सीमा तथा शिक्षा मित्र कृपाराम वर्मा उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए गतिविधि को सफल बनाने में सहयोग किया।

