सुभासपा के अध्यक्ष और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने अखिलेश यादव से सवाल किया है। उन्होंने पूछा कि क्या वह सहारनपुर जाकर अवैध इमारत के मलबे के सामने फातिहा पढ़ेंगे?
यूपी में सहारनपुर जिले के कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित अवैध मस्जिद के ध्वस्तीकरण को लेकर सूबे की राजनीति गरमाई हुई है। अब सुलेहदेव भारतीय समाज पार्टी यानी सुभासपा के अध्यक्ष और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार किया है।
ओपी राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट कर लिखा, अखिलेश जी, सहारनपुर जाकर अवैध इमारत के मलबे के सामने फातिहा पढ़ेंगे? क्या आप मसूद भाई की बातों का समर्थन करेंगे? यूपी पूछ रहा है, बताइए ना?
मस्जिद में बुलडोजर कार्रवाई पर भड़के अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने मस्जिद पर हुई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था, जो लोग दूसरे धर्मों का सम्मान नहीं करते, वे कभी सनातनी नहीं हो सकते। जो लोग दूसरों की आस्था के साथ खिलवाड़ करते हैं, वे कभी सनातनी नहीं हो सकते। एक सच्चा हिंदू कभी किसी का अपमान नहीं कर सकता; हमने सनातन धर्म में यही सीखा है। सच्चे सनातनी वे लोग हैं जो सद्भाव को महत्व देते हैं; सद्भाव सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
…ताकि ऊपरी अदालत से न्याय न मिल सके
उन्होंने आगे कहा, क्या कोई मुझे बता सकता है कि ऐसा क्यों हो रहा है? ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि वे भगवान श्री राम के लिए आए फंड की चोरी करते हुए पकड़े गए थे। यह लोग राम धन चोरी में पकड़े गए थे। हर कोई जानता है कि इसमें BJP के सदस्य शामिल थे। SIT बनाने और लोगों को जेल भेजने के कदम ने उनकी असलियत सबके सामने ला दी। जनता अब समझ गई है कि वे किस तरह के लोग हैं। इसीलिए वे जानबूझकर इसे सांप्रदायिक रंग दे रहे हैं। क्या हाई कोर्ट में न्याय नहीं मिल सकता था? क्या वे सुप्रीम कोर्ट में अपील नहीं कर सकते थे? अधिकारियों ने सरकार के कहने पर मिलीभगत करके यह कार्रवाई की, ताकि उन्हें ऊपरी अदालत से न्याय न मिल सके। आप लोगों से न्याय का अधिकार छीन रहे हैं; इसीलिए मैंने कहा कि अब केवल सौ दिन बचे हैं।
कल सहारनपुर जाएगा सपा प्रतिनिधिमंडल
वहीं मस्जिद गिराए जाने के माले को लेकर समाजवादी प्रतिनिधिमंडल कल यानी सोमवार (7 सितंबर) को सहारनपुर जाएगा। इस प्रतिनिधिमंडल में कुल 22 नेता शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रतिनिधिमंडल कमिश्नर से मुलाकात करेगा।
प्रतिनिधिमंडल में कौन-कौन शामिल?
22 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में कैराना सांसद इकरा हसन, सपा के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी रुद्रसेन, पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान, सांसद हरेंद्र मलिक, विधायक अतुल प्रधान, विधायक आशु मलिक, विधायक उमर अली समेत कई नेता शामिल हैं। इसकी जानकारी पार्टी ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर दी है।

