कन्नौज। थाना ठठिया क्षेत्र में एक सितंबर को हुई मोटरसाइकिल और मोबाइल लूट की घटना का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। ठठिया पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा तीन अवैध तमंचे और चार कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, ग्राम ईश्वापुर निवासी लोकेश ने दो सितंबर को तहरीर देकर बताया था कि एक सितंबर की रात करीब 8:30 बजे पिपरौली अंडरपास के पास प्लेटिना मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात लोगों ने उसकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या UP74 Y 0635 और VIVO Y20 मोबाइल फोन छीन लिया था। तहरीर के आधार पर थाना ठठिया में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी।
पुलिस ने मंगलवार को पिपरौली अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान नरेन्द्र सिंह उर्फ श्याम (21), शिवम (22) और अभिलाष राजपूत (19) को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपी बिल्हौर थाना क्षेत्र, कानपुर नगर के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने राहगीरों को सुनसान स्थान पर लूटने की योजना बनाकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपियों के पास से लूटी गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन के अलावा घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल संख्या UP78 CA 4687, तीन तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
अवैध हथियारों की बरामदगी के संबंध में थाना ठठिया में आयुध अधिनियम के तहत अलग मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की बात कही है।
कार्रवाई में थाना ठठिया पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार और क्षेत्राधिकारी तिर्वा कुलवीर सिंह के पर्यवेक्षण में संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।

