मंडल ब्यूरो: गिरजा शंकर अवस्थी
बांदा। आगामी सीमौनी मेला को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दे रहा है। तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायज़ा लेने के लिए जिलाधिकारी जे. रिभा एवं पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने मंगलवार को मेला स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेले क्षेत्र में साफ–सफाई, पार्किंग व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, मार्ग–निर्देशन, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा सुरक्षा से जुड़ी तैयारियों का विस्तृत अवलोकन किया। डीएम ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि मेला शुरू होने से पहले सभी आवश्यक सुविधाओं को सुचारू रूप से दुरुस्त कर लिया जाए, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मेले में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन तथा खोया–पाया केंद्र की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त फोर्स की तैनाती और संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।

