ब्यूरो चीफ — सुजीत कुमार, कानपुर नगर
सराहनीय कार्य: बिधनू पुलिस ने बरामद किए आठ खोए हुए मोबाइल, स्वामियों के चेहरों पर लौटी खुशी
कानपुर। बिधनू थाना पुलिस ने एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कार्यवाही करते हुए आठ गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए हैं। इस कदम से न केवल पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है, बल्कि मोबाइल खोने से परेशान चल रहे नागरिकों के चेहरों पर भी खुशी लौट आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिधनू थाना पुलिस ने गुमशुदगी की शिकायतें दर्ज होने के बाद सर्विलांस टीम की सहायता से मोबाइल की तलाश शुरू की। लगातार निगरानी और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने विभिन्न कंपनियों के कुल आठ मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद किए।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि बरामद मोबाइल फोन को थाने में बुलाए गए उनके वास्तविक स्वामियों को विधिवत प्रक्रिया के तहत सुपुर्द किया गया। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर नागरिकों ने राहत की सांस ली और बिधनू पुलिस टीम के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया।
इस सफल ऑपरेशन के नेतृत्व में बिधनू थाना प्रभारी इंस्पेक्टर तेज बहादुर सिंह रहे। तकनीकी जांच में सर्विलांस टीम ने अहम भूमिका निभाई। उपनिरीक्षक कन्हैया लाल और एएसआई रोहित कुमार का भी इस कार्यवाही में विशेष योगदान रहा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नागरिकों की सुरक्षा और उनकी संपत्ति की रक्षा के लिए बिधनू पुलिस सदैव तत्पर है। उन्होंने बताया कि तकनीकी उपकरणों की गुमशुदगी के मामलों में भी पुलिस गंभीरता से काम करती है और हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।

