ब्यूरो चीफ – सुजीत कुमार, कानपुर नगर
नौबस्ता–घाटमपुर हाईवे पर फिर भीषण हादसा
ट्रक और ट्रैक्टर की टक्कर में एक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
कानपुर। नौबस्ता–घाटमपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-34) पर हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। गुरुवार सुबह सेन चौकी क्षेत्र के अंतर्गत मौरंग मंडी के सामने हुए एक भीषण सड़क दुर्घटना में ट्रक और ईंटों से लदे ट्रैक्टर की जोरदार टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तड़के सुबह घाटमपुर की ओर से नौबस्ता की तरफ जा रहा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे ही मौरंग मंडी के सामने पहुंचा, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर बीच से दो हिस्सों में टूट गया और ईंटें सड़क पर बिखर गईं।
दुर्घटना में ट्रैक्टर पर सवार तीन लोगों में से एक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। वहीं, दो अन्य गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पास के अस्पताल भिजवाया। मृतक का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हादसे के बाद क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश देखा गया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि मौरंग मंडी के पास हाईवे किनारे बड़ी संख्या में ट्रक और डंपर असुरक्षित तरीके से खड़े रहते हैं, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने पुलिस और प्रशासन से ऐसे भारी वाहनों पर तुरंत कार्रवाई की मांग की, ताकि इस व्यस्त हाईवे पर बढ़ते हादसों पर रोक लगाई जा सके।

