हंसराज वर्मा/अब तक न्याय
सीतापुर में चोरों ने घर में सेंध लगाकर की चोरी: नगदी, जेवर और बकरा ले गए चोर, पुलिस जांच में जुटी
सीतापुर के थाना रामपुर मथुरा क्षेत्र अंतर्गत कोठवल अचाकापुर गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर में नकब लगाकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से नगदी, कपड़े, कीमती जेवरात के साथ-साथ एक बकरा भी उठा ले गए। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी में करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार कोठवल अचाकापुर निवासी धनपाल पुत्र नन्हू के घर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने घर के पीछे की दीवार में सेंध काटकर प्रवेश किया। चोरों ने घर में रखे कीमती सामान को निशाना बनाया। पीड़ित धनपाल ने बताया कि चोर एक बकरा, सोने की नथुनी, चांदी की पायल, करीब 12 साड़ियां, बच्चों के कपड़े और एक बक्सा चोरी कर ले गए। चोरी के बाद चोर बक्से को गांव के बाहर खेत में फेंक गए, जिसे सुबह ग्रामीणों ने बरामद किया।सुबह जब ग्रामीण शौच के लिए घरों से बाहर निकले, तो उन्होंने धनपाल के घर की दीवार में नकब लगा देखा। इसके बाद उन्होंने परिजनों को इसकी जानकारी दी। पीड़ित परिवार जब घर पहुंचा तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी व बक्से टूटे हुए थे।
वहीं पीड़िता किरण ने बताया कि चोर घर से करीब दस हजार रुपये नकद भी ले गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार ने थाना रामपुर मथुरा पुलिस को सूचना दी और मामले में कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

