रिटायर्ड लेखपाल के घर डकैती डालने वाले 6 गिरफ्तारः जेवरात खरीदने वाले सर्राफा व्यापारी को भी दबोचा, 4 लाख नगदी और गहने बरामद
सीतापुर के तालगांव थाना क्षेत्र में 17 जनवरी की रात रिटायर्ड लेखपाल के घर हुई डकैती की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में एसओजी और तालगांव पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्राफा व्यापारी समेत 7 शातिर हिस्ट्रीशीटर बदमाशों को गिरफ्तार किया। वहीं, घटना में शामिल दो से तीन बदमाश अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, जिनकी तलाश में टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से 4 लाख 28 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं, जो बदमाशों द्वारा लूटे गए जेवरात बेचकर एकत्र की गई थी। इसके साथ ही लगभग 2 लाख रुपए कीमत के कुछ लूटे गए जेवरात भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 4 अवैध असलहे और 2 मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं।एसपी ने बताया कि डकैती कांड में लूट का माल खरीदने वाले सर्राफा व्यापारी को भी गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह सर्राफा व्यापारी सप्ताह में केवल दो दिन ही अपनी दुकान खोलता था और वह विशेष रूप से चोरी और डकैती की वारदातों का सोना-चांदी खरीदने का काम करता था, जो इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात सामने आई है।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार सभी बदमाशों के खिलाफ सीतापुर और लखीमपुर जनपद के विभिन्न थानों में लम्बे आपराधिक इतिहास के मुकदमे दर्ज हैं। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में अजय यादव निवासी दासापुर थाना मानपुर, ओमकार व रंजीत निवासी ग्राम लोनियनपुरवा थाना रेउसा, विजय भार्गव निवासी नसीरपुर थाना मानपुर, पुतान निवासी सरैया मिर्जापुर थाना बिसवां, सतानंद निवासी नसीरपुर थाना मानपुर तथा सर्राफा व्यापारी वीरेन्द्र निवासी मोहल्ला बेहटी थाना लहरपुर शामिल हैं।
एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि यह बदमाश दिन में मजदूरी का काम करते थे और रात के अंधेरे में योजनाबद्ध तरीके से चोरी व डकैती की वारदातों को अंजाम देते थे। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया है। फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।

