डीजल लेने पेट्रोल पंप जा रहे थे दोनों भाई, केंटर बैक करते समय हुआ हादसा
पिनाहट/बसई अरेला: बाह-आगरा मार्ग पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की जान चली गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना उस समय हुई जब सड़क किनारे खड़े एक केंटर ने बैक करते समय बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर केंटर को कब्जे में ले लिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना बसई अरेला क्षेत्र के गांव काकरखेड़ा (उप गांव खदरिया) निवासी अर्जुन (17) पुत्र अनार सिंह, अपने चचेरे भाई गणेश (13) पुत्र संजू के साथ बाइक से मानिकपुरा पेट्रोल पंप जा रहा था। दोनों भाई ट्रैक्टर के लिए डीजल लेने निकले थे।
केंटर ने पीछे करते समय मारी टक्कर
जैसे ही उनकी बाइक बाह-आगरा मार्ग स्थित स्याहीपुरा में श्री राम ट्रांसपोर्ट के सामने पहुँची, वहां सड़क किनारे खड़े एक केंटर चालक ने अचानक वाहन को पीछे (Back) करना शुरू कर दिया। केंटर ने बाइक में इतनी जोरदार टक्कर मारी कि दोनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।अस्पताल में अर्जुन को घोषित किया मृत हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुँचे और आनन-फानन में निजी वाहन से दोनों को अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद अर्जुन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल गणेश का उपचार जारी है।
अर्जुन की मौत की खबर सुनते ही गांव खदरिया में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुँची पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया और दुर्घटना करने वाले केंटर को अपने कब्जे में ले लिया है।थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में तहरीर मिलने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
