गोरखपुर। चिलुआताल थाना क्षेत्र के ग्राम बरगदवां में पूर्व पार्षद की हत्या के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 7 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
घटना के संबंध में मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मीडिया को जानकारी दी।
एसएसपी ने बताया कि आज सुबह करीब 5:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि पूर्व पार्षद की कुछ लोगों द्वारा हत्या कर दी गई है। परिजनों ने तहरीर देकर 8 लोगों को नामजद किया है, जिनमें से 7 आरोपियों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की जा रही है।प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मृतक का वर्ष 2023 में एक व्यक्ति से विवाद हुआ था। उस व्यक्ति का नाम भी तहरीर में शामिल है, जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 8 टीमें गठित कर दी हैं, जो हर एंगल से जांच में जुटी हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को भी इकट्ठा किया जा रहा है।
एसएसपी ने कहा कि जल्द ही अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा और सभी को सख्त कानूनी कार्रवाई के तहत जेल भेजा जाएगा।
बाइट डॉक्टर कौस्तुभ
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, गोरखपुर
