पीलीभीत जिले की नगर पंचायत गुलड़िया भिंडारा के लिए उत्तर प्रदेश शासन द्वारा नामित किए गए नए सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आज नगर पंचायत कार्यालय परिसर में अत्यंत गरिमामय और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
मुख्य अतिथि एवं प्रभारी अधिकारी उपजिलाधिकारी अमरिया, मयंक गोस्वामी ने नामित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शासन की मंशा के अनुरूप नगर के समग्र एवं सतत विकास के संकल्प को लेकर श्री महेंद्र जी, डॉ. एस. एन. सिंह जी और श्री ग्यारसी लाल मित्तल जी ने शपथ ग्रहण की।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्री निशांत प्रताप सिंह ने कहा कि नव-नामित सदस्यों के शामिल होने से नगर पंचायत बोर्ड और अधिक मजबूत होगा। उनके अनुभव और समाजसेवी दृष्टिकोण से जनसमस्याओं का त्वरित समाधान संभव होगा तथा विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा। शपथ ग्रहण के बाद नए सदस्यों ने मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे जनसेवा के लिए पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी से काम करेंगे। साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का हर संभव प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम में नगर पंचायत के सभासद जमील अहमद, सलीम इदरीशी, रामऔतार राना, अजय कुमार गौतम, द्वारिका प्रसाद सहित नगर पंचायत कर्मचारी बैजनाथ यादव, राकेश, चन्दन और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।समारोह का वातावरण उत्साह, सहयोग और विकास के संकल्प से परिपूर्ण रहा, जो नगर के उज्जवल भविष्य की दिशा में एक मजबूत संदेश लेकर गया।
