लखनऊ। 26 मार्च 2026 को डीसीपी पश्चिम ज़ोन विश्वजीत श्रीवास्तव, एडीसीपी धनंजय सिंह व एसीपी बाजारखाला वीरेंद्र विक्रम सिंह ने थाना बाजारखाला का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान थाना प्रभारी बृजेश कुमार सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन का जायजा लिया गया। इसके साथ ही अपराध पंजिका,जनरल डायरी, हिस्ट्रीशीट, बीट बुक, ग्राम अपराध रजिस्टर, महिला हेल्प डेस्क व साइबर हेल्प डेस्क सहित सभी महत्वपूर्ण अभिलेखों का गहन निरीक्षण कर उन्हें अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। मालखाना, शस्त्रागार व हवालात की जांच करते हुए रख-रखाव और सुरक्षा व्यवस्था को मानकों के अनुरूप बनाए रखने पर जोर दिया गया। महिला हेल्प डेस्क पर शिकायतों के त्वरित व संवेदनशील निस्तारण तथा साइबर अपराध मामलों में तेजी से कार्रवाई और जागरूकता बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने लंबित विवेचनाओं की समीक्षा कर शीघ्र, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही अपराध नियंत्रण, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, वारंट तामील और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने पर बल दिया गया।
बीट पुलिसिंग को मजबूत करने, नियमित पैदल गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग बढ़ाने के निर्देश देते हुए पुलिस कर्मियों को अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया। अंत में थाना व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया गया।
