बांदा नरैनी स्थित 33 केवी विद्युत उपकेंद्र में डांक बंगला नरैनी क्षेत्र की बिजली आपूर्ति हेतु नए फीडर का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर नरैनी विधायक ओममणि वर्मा उपस्थित रही और उन्होंने फीडर चालू करने की प्रक्रिया का निरीक्षण किया। नरैनी विधायक ओममणि वर्मा ने बताया कि इस नए फीडर के चालू होने से नगर की विद्युत व्यवस्था में काफी सुधार होगा। पहले जहां किसी भी बिजली फॉल्ट की स्थिति में पूरे नगर की विद्युत आपूर्ति बाधित हो जाती थी, अब केवल प्रभावित क्षेत्र की बिजली अस्थायी रूप से बंद की जाएगी। इससे नगरवासियों को बिजली कटौती से होने वाली असुविधा में कमी आएगी।
उन्होंने आगे कहा कि हमारी प्राथमिकता क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति को सुचारू रूप से संचालित करना और हर घर तक निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना है। ऐसे प्रयास लगातार जारी रहेंगे, ताकि जनता की सुविधा और नगर की विकासात्मक गतिविधियों में रुकावट न आए।इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि फीडर की तकनीकी जाँच एवं सभी सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखकर इसे चालू किया गया है। नगरवासियों को बेहतर बिजली सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है।नरैनी विधायक ने जनता से अपील करते हुए कहा कि अगर कहीं बिजली से संबंधित कोई समस्या उत्पन्न होती है, तो तुरंत संबंधित विभाग को सूचित किया जाए, ताकि समय पर समाधान किया जा सके।
इस प्रकार नगर की विद्युत आपूर्ति अब और अधिक मजबूत एवं व्यवस्थित होगी, जिससे नरैनी के नागरिकों को नियमित और स्थिर बिजली सुविधा प्राप्त होगी।
