रिपोर्ट सुधीर वर्मा अब तक न्याय
महमूदाबाद, सीतापुर।
थाना सदरपुर क्षेत्र के ग्राम बेहटा में रास्ते को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद गहराता जा रहा है। मामले से परेशान होकर ग्रामीण मन्नालाल पुत्र महेश्वर ने संपूर्ण समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र देकर प्रशासन से न्याय दिलाने की मांग की है। शिकायत के बाद गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोग प्रशासनिक कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बेहटा निवासी मन्नालाल ने अपने शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि गांव के ही बन्नू लाल पुत्र बिंद्रा प्रसाद से उनके बीच लंबे समय से रास्ते को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि विपक्षी ने प्रार्थी के घर आने-जाने वाले रास्ते पर रस्सी बांध दी है तथा उसी स्थान पर अपने मवेशी भी बांध रखे हैं, जिससे आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मन्नालाल का कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो विपक्षी पक्ष गाली-गलौज पर उतर आया और मारपीट के साथ जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने मामले को गंभीर बताते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप कर रास्ते को अवरोध मुक्त कराने तथा सुरक्षा दिलाने की मांग की है।
संपूर्ण समाधान दिवस में दिए गए प्रार्थना पत्र में मन्नालाल ने अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके। वहीं गांव में इस विवाद को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और ग्रामीण प्रशासन की अगली कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।
अब देखने वाली बात यह होगी कि शिकायत के बाद प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और पीड़ित को कब तक राहत मिल पाती है।
