महमूदाबाद, सीतापुर।
सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) ने लंबे समय से लंबित टीए-डीए, मानदेय एवं प्रोत्साहन राशि के भुगतान को लेकर आवाज बुलंद कर दी है। बुधवार को सीएचओ प्रतिनिधिमंडल ने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशीष सिंह को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र भुगतान की मांग की। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि 15 मई तक उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ तो वे 15 मई के बाद से अपने-अपने स्वास्थ्य केंद्रों पर काली पट्टी बांधकर सांकेतिक प्रदर्शन करेंगे।
ज्ञापन में सीएचओ ने बताया कि अप्रैल 2025 से उनका टीए-डीए लंबित है, जबकि मार्च 2025 से अब तक का मानदेय एवं प्रोत्साहन राशि का भुगतान भी नहीं किया गया है। लगातार भुगतान लंबित रहने से कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि फील्ड में निरंतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के बावजूद समय पर भुगतान न होना कर्मचारियों के मनोबल को प्रभावित कर रहा है।
सीएचओ ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि सभी लंबित देयों का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, ताकि कर्मचारियों को राहत मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका प्रस्तावित प्रदर्शन पूरी तरह सांकेतिक होगा और किसी भी परिस्थिति में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित नहीं होने दी जाएंगी। सभी कर्मचारी पूर्व की भांति अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहेंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान शिव गोविन्द, हिना पाल, मनीषा वर्मा, रिचा, जैन्सी, कृष्णा, मेनका सहित बड़ी संख्या में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने एक स्वर में कहा कि लंबे समय से भुगतान लंबित रहने से उनके समक्ष घरेलू एवं आर्थिक समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं, इसलिए विभाग को इस मामले में गंभीरता दिखानी चाहिए।
सूत्रों के अनुसार जनपद के अन्य ब्लॉकों में भी इसी प्रकार के ज्ञापन दिए जाने की जानकारी सामने आ रही है। इससे यह मामला अब जिले स्तर पर व्यापक रूप लेता दिखाई दे रहा है। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के बीच बढ़ती नाराजगी को देखते हुए प्रशासन पर जल्द समाधान निकालने का दबाव बढ़ गया है।

