महमूदाबाद, सीतापुर।
देश की आगामी जनगणना 2027 को सफल, पारदर्शी एवं जनसहभागिता आधारित बनाने के उद्देश्य से संविदा कर्मी परिजन सेवा संस्थान द्वारा सोमवार को एक विशेष जनगणना जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ग्राम भुड़कुड़ा, पोस्ट भुसना, ब्लॉक एवं तहसील महमूदाबाद जनपद सीतापुर में दोपहर 1:00 बजे आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को जनगणना के महत्व, प्रक्रिया एवं इससे मिलने वाले सरकारी लाभों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं की मजबूत आधारशिला है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क, बिजली, पानी जैसी तमाम योजनाओं का स्वरूप जनगणना के आंकड़ों के आधार पर ही तय किया जाता है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का सही एवं पूर्ण सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
अभियान के दौरान लोगों को यह भी बताया गया कि सही जानकारी उपलब्ध कराने से सरकार को गांवों और शहरों की वास्तविक आवश्यकताओं को समझने में मदद मिलती है, जिससे योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक आसानी से पहुंच पाता है। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे जनगणना कर्मियों को सही जानकारी दें तथा इस राष्ट्रीय कार्य में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाएं।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने जनगणना 2027 को सफल बनाने का संकल्प लेते हुए अभियान की सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ लोगों को उनके अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करते हैं।
जनगणना प्रभारी प्रमोद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्थान द्वारा भविष्य में भी विभिन्न गांवों में जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को जनगणना के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित हो सके और देश के विकास में जनसहयोग को मजबूती मिल सके।
