पीलीभीत जिले में बुजुर्गों को बेहतर जीवन और आत्मनिर्भरता देने के उद्देश्य से भारत सरकार ने पीलीभीत में राष्ट्रीय वयोश्री योजना और एडिप योजना के तहत विशेष अभियान शुरू किया है। जिले के विभिन्न विकासखंडों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क सहायक यंत्र एवं उपकरण उपलब्ध कराने हेतु चिन्हांकन एवं परीक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी चन्द्रमोहन विश्नोई ने बताया कि अब तक पुनर्वास विशेषज्ञों द्वारा 69 वरिष्ठजनों का चयन किया गया है, जबकि योजना के सफल संचालन के लिए 200 से अधिक पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए 15 मई से 22 मई तक ब्लॉक स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 15 मई को मरौरी, 16 मई को अमरिया, 18 मई को ललौरीखेड़ा, 19 मई को बरखेड़ा, 20 मई को बिलसंडा, 21 मई को बीसलपुर और 22 मई को पूरनपुर विकासखंड में शिविर आयोजित होंगे।
शिविर में निगम के पुनर्वास विशेषज्ञ वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण और चिन्हांकन करेंगे। पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र बुजुर्गों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण एलिम्को के माध्यम से निःशुल्क वितरित किए जाएंगे।
प्रशासन ने पात्र वरिष्ठ नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।
