शाहपुर क्षेत्र में उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब कल दोपहर से लापता चल रहे युवक का शव आज सुबह लगभग 11:00 बजे सराय नदी में उतराता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया और आसपास के क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। मृतक युवक की पहचान मनीष कुमार पुत्र सत्रोहन, उम्र लगभग 25 वर्ष, निवासी शाहपुर के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मनीष कुमार कल दोपहर लगभग 3:00 बजे घर से निकला था, जिसके बाद वह अचानक लापता हो गया। देर शाम तक घर वापस न लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिवार वालों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन की, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की सहायता से सराय नदी के किनारे तथा आसपास के क्षेत्रों में तलाश अभियान चलाया गया।
पूरी रात परिजन और ग्रामीण युवक की खोज में जुटे रहे, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। आज सुबह भी ग्रामीणों द्वारा नदी किनारे खोजबीन जारी थी। इसी दौरान लगभग 11:00 बजे नदी में एक युवक का शव उतराता दिखाई दिया। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने शव को बाहर निकाला, जिसके बाद उसकी पहचान मनीष कुमार के रूप में हुई।
शव की पहचान होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम का माहौल छा गया। मृतक की मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव के लोगों ने परिवार को ढांढस बंधाया और घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
ग्रामीणों के अनुसार मनीष कुमार बेहद सरल स्वभाव का युवक था और अपने परिवार का सहारा भी था। उसकी अचानक हुई मौत से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है। बड़ी संख्या में ग्रामीण और शुभचिंतक मृतक के घर पहुंचकर परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।
ज्ञानेन्द्र कुमार
ब्यूरो चीफ, अब तक न्याय

