गोरखपुर जिला न्यायाधीश व अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गोरखपुर राजकुमार सिंह के कुशल निर्देशन में आज जिला कारागार, गोरखपुर में जेल लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों के मामलों का त्वरित निस्तारण और न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना बताया गया।
कार्यक्रम में पूर्णकालिक सचिव प्रतिभा चौधरी, न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय अभय कुमार एवं ए.सी.जे.एम. रेलवे गोरखपुर प्राग दत्त शुक्ला मौजूद रहे। मौके पर रेलवे से संबंधित कुल दो बंदियों के प्रकरणों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया। इससे बंदियों को विधिक सहायता मिलने और मामले शीघ्र सुलझाने में मदद मिली।
जिला कारागार गोरखपुर के जेल अधीक्षक दिलीप कुमार पाण्डेय, जेलर अरुण कुमार कुशवाहा, डिप्टी जेलर नरेश कुमार के साथ कारागार कर्मियों में विजय कुमार, आदित्य कुमार जायसवाल, अमिता श्रीवास्तव, कृष्णाकुमारी व अन्य स्टाफ भी उपस्थित थे। आयोजन को जेल प्रशासन और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से सकारात्मक कदम बताया गया है।
जेल लोक अदालत की यह पहल बंदियों के मामलों के त्वरित निस्तारण और न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम भविष्य में नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे ताकि न्याय तक पहुँच और सुधार सुनिश्चित हो सके।
