हाथ-पैर बंधे मिले, शिनाख्त में जुटी पुलिस
सहजनवा गोरखपुर गीडा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। भरसाँड़ सेमरहवा बाबा मंदिर के पास आमी नदी के किनारे करीब 22 वर्षीय युवक आदित्य निषाद का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक ने काले रंग की टी-शर्ट और जींस पहन रखी थी। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। युवक के हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे और गला किसी धारदार हथियार से रेता गया था। घटना की वीभत्सता देखकर स्थानीय लोग दहशत में हैं।घटना की सूचना मिलते ही गीडा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम को भी साक्ष्य एकत्र करने के लिए बुलाया गया है।
फिलहाल मृतक की पहचान आदित्य निषाद ग्राम मिनवा टिकरिया विकासखंड पाली बताया जा रहा हैं। पुलिस आसपास के थानों में आदित्य निषाद की रिपोर्ट खंगाल रही है और शव की शिनाख्त आदित्य निषाद के रूप में हुई है। घटनास्थल के आसपास के इलाके की गहन तलाशी ली जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का लग रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। इस वारदात के बाद सेमरहवा बाबा मंदिर के आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द हत्यारों को पकड़ने की मांग की है।
