राजेश कुमार पत्रकार अब तक न्याय कौशाम्बी
आंधी बारिश बनी काल मलबे में दबीं तीन जिंदगियां एक मासूम गंभीर
कौशाम्बी। सदर तहसील क्षेत्र के पूरब शरीरा गांव के दूनी का पुरवा मजरे में गुरुवार देर रात आई तेज आंधी और बारिश ने एक परिवार को उजाड़ दिया। घर के सामने खड़ा नीम का पेड़ तेज हवा के चलते कच्चे मकान पर गिर पड़ा, जिससे पूरा मकान भरभराकर ढह गया। हादसे में मलबे के नीचे दबकर मां और उसके दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। ईंट भट्ठा मजदूर मंगर सरोज की पत्नी माया देवी (26) अपने बच्चों के साथ घर में सो रही थीं। देर रात अचानक तेज आंधी के बीच नीम का पेड़ मकान पर गिर पड़ा। हादसे में चार वर्षीय बेटी श्वेता और तीन वर्षीय बेटे अनुभव समेत माया देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं छह वर्षीय पुत्र अंकुश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना के समय मंगर सरोज ईंट भट्ठे पर काम करने गया था। सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया जिलाधिकारी डा. अमित पाल शर्मा ने बताया कि राजस्व टीम नुकसान का आकलन कर रही है। पीड़ित परिवार को शासन स्तर से आर्थिक सहायता दिलाने की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। एक ही परिवार की तीन मौतों से हर आंख नम है।

