संवाददाता विजय मिश्रा
लखनऊ। डीसीपी पश्चिमी की सर्विलांस एवं क्राइम टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए लगभग 42 लाख 50 हजार रुपये मूल्य के 220 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। वर्षों पहले गुम अथवा चोरी हुए अपने मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।इस संबंध में डीसीपी पश्चिम ज़ोन कमलेश दीक्षित, एडीसीपी धनंजय सिंह कुशवाहा तथा एसीपी कैसरबाग नवरत्न गौतम ने पुलिस उपायुक्त पश्चिमी कार्यालय, कैसरबाग में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी दी।अधिकारियों ने बताया कि सर्विलांस एवं क्राइम टीम के अथक प्रयासों से विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 220 मोबाइल फोन बरामद किए गए।बरामद मोबाइलों में थाना अमीनाबाद से 21, नाका से 20, कैसरबाग से 13, काकोरी से 7, पारा से 12, दुबग्गा से 40, चौक से 41, वजीरगंज से 12, ठाकुरगंज से 32, बाजारखाला से 2, सआदतगंज से 7 तथा तालकटोरा से 9 मोबाइल फोन शामिल हैं।पुलिस उपायुक्त कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मोबाइल स्वामियों को बुलाकर उनके फोन वापस किए गए। कई लोगों ने बताया कि उनके मोबाइल काफी समय पहले गुम या चोरी हो गए थे, जिनके मिलने की उम्मीद लगभग खत्म हो चुकी थी। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया।डीसीपी पश्चिमी ने कहा कि जनता की संपत्ति की सुरक्षा और गुमशुदा मोबाइलों की बरामदगी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा पुलिस आमजन की सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
