गोरखपुर, खजनी विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत नंदापार में हरियाली का संदेश दिया गया। ग्राम प्रधान अनिल कुमार यादव के सौजन्य और पहल पर पंचायतभवन नंदापार परिसर में "अशोक का पौधा" रोपित किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए सभी ने अधिक से अधिक पेड़ लगाने का आह्वान किया।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सचिवालय नंदापार के सभी कर्मचारीगण उपस्थित रहे। वर्तमान पंचायत सहायक धीरज गुप्ता, पंचायत सहायक कर्मी राजकुमार यादव और दिग्विजय प्रसाद ने ग्राम प्रधान अनिल यादव के साथ मिलकर पौधरोपण का कार्य संपन्न कराया। सभी ने मिलकर पौधे में पानी दिया और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी ली।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान अनिल कुमार यादव ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना हम सबका दायित्व है। अशोक का पेड़ न सिर्फ छाया और शुद्ध हवा देता है, बल्कि धार्मिक और औषधीय दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने ग्रामवासियों से अपील की कि वे अपने घर-आंगन में कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं और उसे वृक्ष बनाएं।
पंचायत सहायक धीरज गुप्ता ने कहा कि पंचायत भवन को हम हरित पंचायत भवन के रूप में विकसित करेंगे। आने वाले समय में परिसर में और अधिक छायादार व फलदार पौधे लगाए जाएंगे।
प्रधान की इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना की। लोगों का कहना था कि पंचायत स्तर पर पर्यावरण के प्रति जागरूकता लाने के लिए यह एक सराहनीय कदम है। यदि हर ग्राम पंचायत ऐसे ही आगे आए, तो हरित गोरखपुर का सपना साकार हो सकता है।कार्यक्रम के अंत में सभी कर्मचारियों और उपस्थित लोगों ने पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित रखने की शपथ ली।
