अर्जुन रौतेला आगरा। श्री नगर कॉलोनी, रामबाग स्थित श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर पार्क में आयोजित होने वाली श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ के शुभारंभ अवसर पर सोमवार प्रातः भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर श्रद्धा एवं भक्ति के साथ सहभागिता की। यात्रा के दौरान भगवान के जयकारों और भजनों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
कलश यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए कथा स्थल पहुंची, जहां विधि-विधान से पूजन-अर्चन के पश्चात कथा का शुभारंभ कराया गया।
कथा के आयोजकों ओमप्रकाश अग्रवाल, गिरीश गोयल, राकेश खंडेलवाल, महेश शर्मा, पदम चंद अग्रवाल, अनुज मित्तल, उर्मिला अग्रवाल, कुमकुम गुप्ता, सुमन मित्तल, निधि अग्रवाल, सविता शर्मा, भावना शर्मा आदि ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का आयोजन 8 जून से 15 जून 2026 तक किया जा रहा है। कथा का वाचन सुप्रसिद्ध कथावाचक पंडित घनश्याम पाठक जी (आचार्य) द्वारा किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य यजमान रोहिताश अग्रवाल (बिसावर वाले) एवं लता अग्रवाल सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजकों ने सभी भक्तों से परिवार सहित कथा श्रवण कर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की।
कार्यक्रम के अनुसार प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से सायं 6 बजे तक कथा का आयोजन होगा। 15 जून को प्रातः 9 बजे पूर्णाहुति तथा सायं 4 बजे से हरि इच्छा तक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। कलश यात्रा में महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी आकर्षण का केंद्र रही और पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का माहौल देखने को मिला।
