कन्नौज। जिले में आपातकालीन पुलिस सेवा यूपी-112 को छह नई इनोवा क्रिस्टा पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) मिली हैं। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने पुलिस लाइन से इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नई गाड़ियों के शामिल होने से जिले में पुलिस की आपात सेवाएं और मजबूत होंगी। किसी भी घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहले से अधिक तेजी से मौके पर पहुंच सकेगी। नई पीआरवी आधुनिक उपकरणों जैसे जीपीएस, एमडीटी और बॉडी वॉर्न कैमरों से लैस हैं, जिससे पुलिस कार्य में सुविधा होगी और घटनाओं की निगरानी बेहतर ढंग से की जा सकेगी।
इन छह नई गाड़ियों के आने के बाद जिले में चार पहिया पीआरवी की संख्या बढ़कर 28 हो गई है। इनमें से चार वाहनों को एक्सप्रेस-वे और दो वाहनों को जीटी रोड पर तैनात किया गया है, ताकि यात्रियों और आम लोगों को जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता मिल सके।
महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गुरसहायगंज क्षेत्र में एक अतिरिक्त महिला पीआरवी भी शुरू की गई है। पुलिस का कहना है कि नई गाड़ियों के संचालन से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों को समय पर पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इस मौके पर यूपी-112 के प्रभारी निरीक्षक, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
