सीतापुर में आईजी लखनऊ परिक्षेत्र का वार्षिक समीक्षा भ्रमण, रेंज के प्रथम डिजिटल मालखाने का शुभारंभ
सीतापुर, 06 सितम्बर 2026। पुलिस महानिरीक्षक, लखनऊ परिक्षेत्र, लखनऊ श्री किरण एस. ने रविवार को जनपद सीतापुर का वार्षिक/समीक्षा भ्रमण किया। इस दौरान पुलिस लाइन स्थित महर्षि दधीचि सभागार में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आगामी त्योहारों की सुरक्षा तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
आईजी महोदय ने उत्तर प्रदेश शासन एवं पुलिस महानिदेशक द्वारा जारी प्राथमिकताओं और निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बीट पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के लिए बीट आरक्षियों को दैनिक सूचनाएं एवं क्षेत्र की गतिविधियां ‘यक्ष ऐप’ पर डिजिटल रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए। लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण, महिला अपराधों और गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई तथा गुमशुदा महिलाओं एवं बालिकाओं की बरामदगी के लिए एक सप्ताह का विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी अभियोजन, गैंगस्टर एक्ट के तहत अवैध संपत्तियों की जब्ती, भू-माफिया एवं संगठित अपराध के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा फर्जी पहचान पत्रों पर सिम कार्ड जारी करने वाले गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई पर जोर दिया गया। साथ ही वांछित एवं वारंटियों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी तथा ई-समन और ITSSO जैसे तकनीकी पोर्टल के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए गए।
रेंज के प्रथम डिजिटल मालखाने का शुभारंभ
समीक्षा भ्रमण के दौरान आईजी महोदय ने थाना कोतवाली देहात पहुंचकर लखनऊ परिक्षेत्र के प्रथम डिजिटल मालखाने (QR कोड आधारित ई-मालखाना) का फीता काटकर शुभारंभ किया। नई व्यवस्था के तहत मुकदमों से संबंधित जब्त माल-मुकदमाती पर QR कोड अंकित रहेगा। QR कोड स्कैन करते ही संबंधित माल का पूरा विवरण, केस नंबर एवं वर्तमान स्थिति डिजिटल रूप से सामने आ सकेगी। इससे मालखाने के रखरखाव में पारदर्शिता आएगी और न्यायालय में साक्ष्य प्रस्तुत करने में भी सुविधा होगी।
इसके बाद आईजी ने मिशन शक्ति केंद्र, साइबर थाना एवं एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) का निरीक्षण किया। मिशन शक्ति केंद्र में महिलाओं एवं बालिकाओं से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। AHTU को गुमशुदा बच्चों एवं महिलाओं की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाने तथा मानव तस्करी से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
साइबर थाने के निरीक्षण के दौरान वित्तीय साइबर अपराधों की रोकथाम, हेल्पलाइन 1930 पर प्राप्त शिकायतों की त्वरित कार्रवाई तथा होल्ड कराई गई धनराशि की स्थिति की समीक्षा की गई।
आगामी त्योहारों को लेकर विशेष सतर्कता
आईजी ने आगामी गणेश चतुर्थी एवं विश्वकर्मा जयंती को लेकर प्रतिमा स्थापना, जुलूस, विसर्जन स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पीस कमेटी की बैठकें कराने, संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और सतर्क निगरानी के निर्देश दिए गए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक सीतापुर श्री अंकुर अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी श्री आलोक सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी श्री दुर्गेश कुमार सिंह सहित समस्त क्षेत्राधिकारी एवं राजपत्रित अधिकारी मौजूद रहे।

