जसपुरा–पैलानी क्षेत्र में आवारा पशुओं से परेशान किसान, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन; स्थायी समाधान की मांग
बांदा। बुंदेलखंड के जसपुरा और पैलानी क्षेत्र में किसान इन दिनों आवारा गौवंश की समस्या से बेहद परेशान हैं। खेतों में रातभर ठिठुरन में पहरा देना किसानों की मजबूरी बन गया है। किसान लगातार अपनी फसलें बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन हालात सुधरने के बजाय और अधिक बिगड़ते जा रहे हैं।
किसानों ने शनिवार को सपा नेता पुष्पेंद्र सिंह चुनाले के नेतृत्व में एसडीएम पैलानी को ज्ञापन सौंपकर मुख्यमंत्री से स्थायी समाधान की मांग की। किसानों का कहना है कि यदि क्षेत्र की गौशालाएँ पर्याप्त और सुचारू रूप से संचालित हों, तो सैकड़ों की संख्या में गाय और सांड गांवों व खेतों में यूँ खुलेआम नहीं घूमेंगे।
स्थानीय किसानों ने बताया कि लगभग 300 आवारा पशु लगातार फसलों को नुकसान पहुँचा रहे हैं। इससे जहां कृषि उत्पादन प्रभावित हो रहा है, वहीं किसानों की सुरक्षा पर भी खतरा उत्पन्न हो गया है।
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो वे शांतिपूर्वक इंतजार छोड़कर धरना-प्रदर्शन करने को विवश होंगे। किसानों की उम्मीद है कि उनकी यह व्यथा केवल कागजी कार्रवाई बनकर न रहे, बल्कि प्रशासन प्रभावी कदम उठाकर वास्तविक समाधान प्रदान करे।

