लखनऊ। डा. आंबेडकर संवैधानिक महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश कुमार सिद्धार्थ के नेतृत्व में चल रहे अभियान के 20वें दिन आज 16 विधानसभा मार्ग, लखनऊ स्थित डा. अम्बेडकर कार्यालय पर डा. अम्बेडकर जयंती कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अब्दुल रहमान ने की, जबकि संचालन मुख्य संयोजक रामचंद्र पटेल द्वारा किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए राजेश कुमार सिद्धार्थ ने कहा कि डा. अम्बेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने समाज को समानता, न्याय और अधिकारों का मार्ग दिखाया, जिसे आगे बढ़ाना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, संगठन और संघर्ष के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि 29 अप्रैल 2026 को जनपद सीतापुर की 152 विधानसभा सिधौली के कस्बा मास्टरबाग में 25,000 मोमबत्तियां जलाकर डा. अम्बेडकर का जन्म उत्सव “प्रकाश महोत्सव” के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की।
राजेश कुमार सिद्धार्थ ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार द्वारा डा. अम्बेडकर के विचारों को पूरी तरह से लागू नहीं किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरक्षण व्यवस्था को मजबूती से लागू नहीं किया गया है तथा अंबेडकर प्रतिमाओं की सुरक्षा के लिए की गई घोषणाएं अभी तक धरातल पर नहीं उतरी हैं।
कार्यक्रम के संचालनकर्ता रामचंद्र पटेल ने कहा कि डा. अम्बेडकर द्वारा दिया गया संविधान देश की सबसे बड़ी ताकत है और इसकी रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने “प्रकाश महोत्सव” को ऐतिहासिक बनाने के लिए अधिक से अधिक लोगों से सहभागिता की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अब्दुल रहमान ने कहा कि बाबा साहब का मिशन अभी अधूरा है, जिसे पूरा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे। अंत में सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि डा. अम्बेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा और 29 अप्रैल को होने वाले “प्रकाश महोत्सव” को ऐतिहासिक बनाया जाएगा।

