लखनऊ। राजधानी के चिनहट थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सगे पिता ने अपनी ही नाबालिग बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। इतना ही नहीं, पहचान छिपाने के लिए उसने बेटी के चेहरे पर तेजाब डाल दिया।पूर्वी जोन की क्राइम और सर्विलांस टीम ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पिता विजय कुमार चौबे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने हत्या के बाद खुद ही बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, ताकि किसी को उस पर शक न हो।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बेटी के व्यवहार से परेशान था और उसे समाज में अपनी बदनामी का डर सता रहा था। इसी वजह से उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
योजना के तहत वह अपनी बेटी को झाड़-फूंक के बहाने सुल्तानपुर ले गया। लौटते समय बाराबंकी के पास एक सुनसान इलाके में अपने साथी अब्दुल मन्नान के साथ मिलकर कार के अंदर ही बेटी का गला घोंटकर हत्या कर दी।हत्या के बाद शव की पहचान छिपाने के लिए आरोपी ने बेटी के चेहरे पर तेजाब डाल दिया और शव को शारदा नहर के पास फेंककर ठिकाने लगाने की कोशिश की।पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और रिश्तों को शर्मसार कर दिया है।
