पीलीभीत। बीएड प्रवेश परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने रविवार को जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों की अचानक मौजूदगी से परीक्षा केंद्रों पर सतर्कता बढ़ गई।
डीएम और एसपी ने ड्रमंड इंटर कॉलेज, सनातन धर्म बांके बिहारी राम इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तथा उपाधि महाविद्यालय पहुंचकर परीक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कक्ष निरीक्षकों और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए नियमित रूप से कक्षों का भ्रमण करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न होने दें। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है तो उसकी सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान केंद्र व्यवस्थापक, स्टैटिक मजिस्ट्रेट सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।
राजकुमार वर्मा
अबतक न्याय पीलीभीत
