गोरखपुर/नई दिल्ली
पन्नेलाल इंटरनेशनल फाउंडेशन ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए उत्तर प्रदेश और बिहार में सृष्टि शगुन योजना के तहत व्यापक जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ किया है। फाउंडेशन के डायरेक्टर पन्ने लाल यादव ने बताया कि अभियान का उद्देश्य महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, कानूनी अधिकार, स्वरोजगार और सरकारी योजनाओं से जोड़कर सशक्त बनाना है। संस्था की टीम गांव-गांव, शहर-शहर पहुंचकर महिलाओं को निःशुल्क योजना का लाभ दे रही है, जिसमें जरूरतमंद परिवारों को विशेष प्राथमिकता मिल रही है।
यादव ने कहा,सृष्टि शगुन योजना केवल योजना नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण का जनआंदोलन है।इसके तहत बालिका शिक्षा, घरेलू हिंसा से संरक्षण, पोषण, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। योजना के मुख्य उद्देश्य संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता, स्वास्थ्य-स्वच्छता की जानकारी, बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन, स्वरोजगार से जोड़ना और सामाजिक सम्मान सुनिश्चित करना।
पन्ने लाल यादव ने प्रदेश की सभी महिलाओं से निःशुल्क योजना से जुड़ने और अन्य महिलाओं को भी प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा,महिलाओं का सम्मान ही समाज का सम्मान है और उनकी आत्मनिर्भरता ही विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव है।
