शाहजहांपुर। थाना खुटार पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगने के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उसके कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खुटार पुलिस वांछित अभियुक्त की तलाश में थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मुकदमे में वांछित गुड्डू पुत्र भजनलाल शर्मा निवासी ग्राम हरनाई, थाना खुटार, धनसिंहपुर मोड़ मैलानी रोड के पास घूम रहा है तथा उसके पास अवैध हथियार भी हो सकता है।
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी को घेरकर पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन उसने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गौरतलब है कि आरोपी के खिलाफ 9 जून को नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोप में थाना खुटार में बीएनएस की धारा 333/65(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5(एम)/6 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मुठभेड़ के बाद आरोपी के खिलाफ पुलिस पर हमला करने और अवैध शस्त्र रखने के आरोप में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है।
गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमार, उपनिरीक्षक विवेक कुमार, उपनिरीक्षक सोहनलाल तथा हेड कांस्टेबल अमित कुमार दूबे की टीम ने की।
