शाहजहांपुर। थाना तिलहर पुलिस ने मंदिर और मेले में महिलाओं के जेवरात चोरी करने वाली महिला चोरों के गिरोह का खुलासा करते हुए तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के विभिन्न आभूषण भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 10 जून को थाना कटरा क्षेत्र के गांव नगला मधा निवासी अजय सिंह अपनी पत्नी अंशिका के साथ कछियानी खेड़ा स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन एवं प्रसाद चढ़ाने गए थे। इसी दौरान अज्ञात महिला ने अंशिका के गले से सोने की चेन चोरी कर ली थी। वहीं 4 मई को थाना तिलहर क्षेत्र के गांव गोपालपुर निवासी रनवीर सिंह अपनी बहन के साथ बिरिया बाबा मेले में गए थे, जहां उनकी बहन के कानों के कुण्डल चोरी हो गए थे। दोनों घटनाओं के संबंध में थाना तिलहर में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीम जांच में जुटी थी। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिलहरी से बिलहरा जाने वाले कच्चे रास्ते से तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक टीका, एक नथ मय डोरी, एक मंगलसूत्र, दो जोड़ी टाप्स, एक ओम का लॉकेट, एक जोड़ी कुण्डल, एक चैन, दो बच्चों की कौंधनी, चार खड़ुआ तथा एक जोड़ी पायल सहित अन्य आभूषण बरामद किए गए।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र निवासी ज्ञानवती उर्फ गेंदावती पत्नी विजयपाल, भूरा पत्नी लक्ष्मण तथा प्रियंका पुत्री सुशील के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों अभियुक्ताओं के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
